Tuesday, October 20th, 2026

हरियाणा के मंत्री के बयान पर भड़कीं उर्मिला मातोंडकर 

हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने हाल ही में किसान आंदोलन में बैठ किसानों को लेकर विवादित बयान दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार में कृषि मंत्री जेपी दलाल कहते है किसान अपने घरों में होते तब भी मरते। अब इस पूरे मामले पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं उर्मिला मातोंडकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उर्मिला मातोंडकर ने हरियाणा के मंत्री जेपी दलाल के विवादित बयान वाला वीडियो शेयर कर कहा है, ''जो लोग किसानों को खालिस्तानी और देशद्रोही कहते हैं उनका हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल जी के इस बेहद शर्मनाक और असंवेदनशील बयान पर क्या कहना है? #किसान_आंदोलन''
 
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने क्या दिया था विवादित बयान
तीन कृषि कानून के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर विरोध कर रहे 200 किसानों की मौत पर सवाल किया गया तो हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल बोले, "ये घर में होते तो भी मरते। यहां नहीं मर रहे हैं क्या? मेरी बात सुन लो लाख दो लाख में से दो सौ छह महीने में नहीं मरते क्या? कोई हार्ट अटैक हो के मर गया, कोई बुखार हो के मर गया।"

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि जब पत्रकार पूछते हैं कि दुर्घटना में दस लोगों के मरने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शोक जाहिर करते हैं लेकिन किसानों के मामले में ऐसा नहीं करते हैं तो कृषि मंत्री दलाल ने कहा,''ये (किसान) किसी हादसे में नहीं मारे गए हैं। ये अपनी स्वेच्छा से मरे हैं। मरे हुए के प्रति पूरी पूरी संवेदनाएं हैं।''


इस बयान पर कृषि मंत्री जेपी दलाल की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचन हो रही है। जिसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा, ''मेरे बयान को मीडिया में तोड़मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। लेकिन अगर मेरे बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उनसे माफी मांगता हूं।''

 

#उर्मिला मातोंडकर 

Source : Agency

पाठको की राय